युवा शक्ति का संगठित स्वर बनेगा सदस्यता अभियान, गोरक्ष प्रांत के 3,000 से अधिक शिक्षण संस्थानों तक पहुँचेगी अभाविप : शशिकांत मंगलम
3,000 से अधिक शिक्षण संस्थानों तक पहुंचेगा अभियान, गोरखपुर महानगर में 51 हजार विद्यार्थियों और 500 शिक्षकों को जोड़ने की तैयारी
गोरखपुर, 25 जुलाई 2026। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के गोरक्ष प्रांत द्वारा आगामी 27 जुलाई से सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान को लेकर शनिवार को गोरखपुर स्थित प्रांत कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और छात्र हित से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई।
अभाविप ने इस वर्ष गोरक्ष प्रांत में 6 लाख 10 हजार 138 सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। संगठन के अनुसार, यह लक्ष्य पिछले वर्ष की सदस्यता संख्या से काफी अधिक है। पिछले वर्ष गोरक्ष प्रांत में करीब 3 लाख 28 हजार विद्यार्थियों की सदस्यता हुई थी।
3,000 से अधिक शिक्षण संस्थानों तक पहुंचेगा अभियान
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अभाविप गोरक्ष प्रांत के प्रांत मंत्री शशिकांत मंगलम गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष सदस्यता अभियान को प्रांत के 3,000 से अधिक शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष परिषद ने करीब 2,100 शिक्षण संस्थानों में सदस्यता अभियान चलाया था। इस बार महाविद्यालयों के अलावा कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और पुस्तकालयों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
गोरखपुर महानगर में 51 हजार विद्यार्थियों तक पहुंचने की तैयारी
अभाविप के मुताबिक, गोरखपुर महानगर में 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के लगभग 51,000 विद्यार्थियों और 500 शिक्षकों तक सदस्यता अभियान पहुंचाने की योजना है।
संगठन का कहना है कि गोरक्ष प्रांत के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में सदस्यता अभियान को उत्सव एवं संगठनात्मक पर्व के रूप में संचालित किया जाएगा।
80 विस्तारकों को दी गई जिम्मेदारी
अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए निखिल गुप्ता को गोरक्ष प्रांत का सदस्यता प्रमुख और संपदा द्विवेदी को सह सदस्यता प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रांत के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में 80 विस्तारक सदस्यता अभियान को गति देने का काम करेंगे।
छात्र हित और राष्ट्र निर्माण पर अभाविप का जोर
अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रांत सदस्यता सह प्रमुख संपदा द्विवेदी ने कहा कि संगठन शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के मूल मंत्र के साथ छात्र हित में लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अभाविप रचनात्मक कार्य, छात्र हित, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों के बीच अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहा है।
प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद सदस्य एवं प्रांत सदस्यता सह प्रमुख संपदा द्विवेदी तथा प्रांत मीडिया संयोजक शिवम पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।